रिपोर्ट- अमित कुमार!
राजधानी पटना में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुवार को तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने युवक अमित सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इस हत्या का कारण जमीनी विवाद हो सकता है।
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के बिस्किट फैक्ट्री मोड़ पर गुरुवार को तीन अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े 36 वर्षीय युवक अमित सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह के पुत्र के रूप में हुई है, जो फुलवारी शरीफ का ही निवासी था।
फुलवारी शरीफ एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अमित को गंभीर हालत में एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल से पुलिस ने कई खोखे और एक मैगजीन बरामद की है।
पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। शुरुआती जांच में जमीनी विवाद को हत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।




