सांसद राजेश वर्मा ने खगड़िया कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना को लेकर संसद में की आवाज़ बुलंद!

SHARE:

रिपोर्ट-विक्रम कुमार/खगड़िया

खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश वर्मा ने एक बार फिर संसद में खगड़िया से जुड़ी रेल परियोजना की मांगों का मुद्दा उठाया। कल उन्हें रेल बजट को लेकर लोजपा(रा०) की ओर अपनी बातों को रखने का अवसर मिला था। जहां उन्होंने अपनी मांगों को रखा। उन्होंने संसद में रेल बजट को शानदार बताया और इसको लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हमारे देश में आज भी सबसे किफायती और सुरक्षित यातायात का माध्यम रेल है। 2014 से पहले की सरकारों की तुलना में पिछले 10 वर्षों में हमारी एनडीए सरकार ने रेलवे को बुलेट ट्रेन की गति से विकास की राह पर आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा वंदे भारत जैसे ट्रेन का परिचालन, रेलवे स्टेशनों पर विश्व स्तरीय सुविधाओं का विकास, एसकेलेटर, एग्जीक्यूटिव लाउंज, और सफाई व्यवस्थाएँ, हमें गर्व महसूस कराती हैं। विदेशी पर्यटकों के लिए भी रेल सबसे सुलभ माध्यम है। सरकार ने रेलवे के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट प्रदान किया है, जिसमें 262,000 करोड़ रुपए कैपेक्स के रूप में दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए भी 108,000 करोड़ रुपए का आवंटन किया गया है, जिससे पुराने ट्रैक, सिग्नल और पुलों का निर्माण होगा।

आर्थिक सर्वे 2023-24 के अनुसार, पिछले 5 वर्षों में रेलवे पर पूंजीगत व्यय में 77% की बढ़ोतरी हुई है। 2019-20 में 1.48 लाख करोड़ रुपए की तुलना में 2023-24 में यह बढ़कर 2.62 लाख करोड़ रुपए हो गया है। 2023-24 में लगभग 673 करोड़ यात्रियों ने ट्रेन में सफर किया, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 5.2% अधिक है।

इसके बाद उन्होंने रेल बजट में बिहार को मिले पैकेज के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी और रेल मंत्री जी को धन्यवाद दिया और कहा इन्होंने बिहार को उसका अधिकार देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह तेज रफ्तार वाली सरकार है, मैंने अपने क्षेत्र में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की थी और माननीय मंत्री जी ने इसे बहुत तेजी से स्वीकृत कर दिया।

साथ ही उन्होंने खगड़िया-कुशेश्वरस्थान रेल परियोजना के निर्माण के संबंध में मांग रखी। उन्होंने कहा यह परियोजना 1998 में शुरू हुई थी और इसका कार्य आज भी लंबित है। परियोजना की नींव हमारे पार्टी के संस्थापक आदरणीय रामविलास पासवान जी ने रखी थी। इस परियोजना के पूरा होने से लाखों लोगों को लाभ होगा, जिसमें मक्का किसान भी शामिल हैं। मेरा सरकार से निवेदन है कि योजना के लिए निर्धारित राशि का आवंटन किया जाए और इसे समय सीमा के अंदर पूरा कराया जाए। इसके साथ ही अलौली स्टेशन का मुद्दा उठाया और कहा यह स्टेशन बनकर पूर्ण हो चुका है और मैं चाहूंगा कि यहाँ पैसेंजर ट्रेन का आवागमन शुरू किया जाए। साथ ही, सिमरी बख्तियारपुर में भी वैशाली का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। इस प्रकार खगड़िया के सांसद लगातार जब भी उन्हें अवसर मिलता रहा है वह क्षेत्र की बातों को सदन में उठाते रहे हैं। 

Join us on:

Leave a Comment