बेगूसराय- शाम्हो अकहा कुरहा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का जिलाधिकारी ने किया निरिक्षण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

आज दिनांक 14.02.2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री द्वारा प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत शाम्हो अकहा कुरहा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया।

इस अवसर पर सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी प्रखंड कार्यालय पहुंचे और वहां की प्रशासनिक एवं भौतिक स्थिति का जायजा लिया। मौके पर अंचल अधिकारी ने अवगत कराया कि नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव विभाग को भेजा जा चुका है।

इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने कल्याण सिंह उच्च विद्यालय, शाम्हो परिसर में सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सात निश्चय पार्ट–3 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी तथा क्षेत्र के सभी किसानों का अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित कराने हेतु जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की।

जिला पदाधिकारी ने रक्सौल‑हल्दिया एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रगति एवं संभावित लाभों की जानकारी भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों को दी।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सिंचाई हेतु बिजली की समस्या, शाम्हो में निर्मित पावर ग्रिड को ऊंचा कराने की आवश्यकता, बाढ़ से सुरक्षा के लिए सड़कों का उच्चीकरण तथा पशुपालन अस्पताल भवन निर्माण जैसी महत्वपूर्ण मांगें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं।

इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अविलंब नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता बेगूसराय श्री ब्रजकिशोर चौधरी , सिविल सर्जन बेगूसराय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पूजा प्रीतम , निदेशक डीआरडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी शाम्हो, अंचल अधिकारी शाम्हो सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Join us on: