रिपोर्ट – आदित्यानंद आर्य
विश्व मासिक धर्म दिवस पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग व पीरामल फाउंडेशन के सहयोग माहवारी स्वच्छता दिवस का किया गया आयोजन
सीतामढ़ी: विश्व मासिक धर्म दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति, शिक्षा विभाग तथा पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से चार प्रखंड डुमरा, सोनबरसा, परसौनी और पुपरी के बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय समेत अन्य स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता संबंधी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सर्व प्रथम डुमरा कमला बालिका उच्च विद्यालय में कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार झा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ ए.के झा द्वारा दीपप्रज्जवलित कर किया गया। इस दौरान सिविल सर्जन ने इस दौरान नौवीं और दसवीं की छात्राओं के बीच माहवारी से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया की महिलाओं और किशोरियों में यह एक स्वभाविक प्रक्रिया है, जिससे घबराने या भयभीत होने ही आवश्यकता नहीं है। इस समय हमें अपने निजी स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। माहवारी के समय संक्रमण से बचने हेतु सैनिटरी नैपकिन के प्रयोग को बढ़ावा देने हेतु बताया गया। अब ये नैपकिन सस्ते दर पर जीविका समूह एवं अन्य संस्थानों के द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं के बीच माहवारी स्वच्छता और एनीमिया विषय पोस्टर एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें माहवारी से संबंधित सवालों को पूछा गया और अंत में तीन-तीन विजेता छात्राओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में प्रशस्ति पत्र और इनाम के रूप में पठन सामग्री का वितरण किया गया। वहीं स्कूल में उपस्थित 770 छात्राओं का एनीमिया जांच एवं 560 छात्राओं का टीडी वैक्सिनेशन भी किया गया। मौके पर डीआईओ डॉ. एके झा ने छात्राओं को बताया कि माहवारी स्वच्छता दिवस पर पैड के इस्तेमाल के विषय तथा इसके खुले में फेंकने की स्थिति में गंभीर संक्रामक रोगों के पनपने की संभावना के साथ पर्यावरणीय क्षति भी होती है। इन्हें जलाने से हवा में हानिकारक बैक्टीरिया फैल सकते हैं जिससे सांस की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए इसका प्रबंधन बहुत ही सही तरीके से करना चाहिए। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कफील अख्तर सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।




