प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट:

बेगूसराय में उस वक्त सनसनीखेज मामला सामने आया जब कैश कलेक्शन एजेंट बैंक में पैसा जमा करने निकला और वह लापता हो गया। दरअसल नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड स्थित रेडिएंट कैश मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत कैश कलेक्शन एजेंट गौरव कुमार अपने ऑफिस से 42 लाख 50 हजार रूपया एसबीआई बैंक में जमा करने निकला, जिसके बाद वह लापता हो गया। सोमवार की शाम परिजन और कंपनी के कर्मचारी नगर थाना पहुंच गौरव कुमार के रुपया सहित लापता होने की जानकारी दी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है वहीं कंपनी के कर्मचारियों ने भी गौरव कुमार को रुपया सहित लापता होने की शिकायत पुलिस से की है। फिलहाल नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिरकार गौरव कुमार रूपय सहित कैसे लापता हो गया है। बताया जाता है कि गौरव कुमार 2 साल से इस कंपनी में कैश कलेक्शन एजेंट का काम करता था, जो चकिया थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव का रहने वाला है। फिलहाल परिजन और कंपनी के कर्मचारी परेशान हैं तो वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




