रिपोर्टर — मुकेश कुमार
अपने अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए झोंकेंगे पूरी ताकत
चुनावी सभा को लेकर प्रशासन अलर्ट, चप्पे चप्पे पर रहेगी पुलिस की निगरानी
मधुबनी जिले के भारत नेपाल सीमा क्षेत्र स्थित हरलाखी प्रखंड दिन दयाल प्लस टू उमगांव के मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को एनडीए प्रत्याशी डॉक्टर अशोक यादव के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव महागठबंधन के उम्मीदवार अली अशरफ फातमी के समर्थन में रविवार को 11 बजे हाई स्कूल गंगौर के प्रांगण में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। दोनों नेताओं के सभा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयारी में जुटी हुई है। शनिवार को डी एम अरविंद वर्मा, एसपी सुशील कुमार, एसडीओ मनीषा व डीएसपी दीपेश कुमार ने संभावित दोनों ही चुनावी सभा स्थल का जायजा लिया। एसडीएम व डीएसपी ने दोनों सभा स्थल पहुंचकर हेलिपैड, बैरिकेडिंग,डी एरिया, पार्किंग, शौचालय, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए कई आवश्यक निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से वीआईपी गेट सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएसपी ने कहा कि दोनों ही सभा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मैदान के अंदर वाहनों की प्रवेश वर्जित रहेगा। चप्पे- चप्पे पर पुलिस की सभी आने जाने वाले पर पैनी नजर रहेगी। दोनों ही सभा स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती रहेगी। मौके पर सीओ रिना कुमारी, इंस्पेक्टर नीरज कुमार वर्मा, थानाध्यक्ष जितेन्द्र सहनी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।




