मधुबनी में गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा, इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला!

SHARE:

रिपोर्टर — राजीव कुमार झा

गृहमंत्री अमित शाह ने इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। लालू राज में मिथिला पीछे, मोदी जी ने तालाब, मछली और मखाना को बचाया। बीजेपी ने मैथिली को 8 वीं अनुसूची में डाला। अगले पांच वर्ष में हाई डैम बनेगा। बाढ़ से मिथिला को मुक्ति मिलेगी- संजय झा

मधुबनी जिले के फुलपरास अनुमंडल क्षेत्र के लौकही प्रखंड के नरहिया स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्रांगण में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार को दोपहर भारत सरकार के केंद्रीय गृहमंत्री सह सहकारिता मंत्री अमित शाह ने झंझारपुर लोक सभा क्षेत्र के निवर्तमान सांसद एवं लोकसभा के एनडीए प्रत्याशी रामप्रीत मण्डल के पक्ष में चुनावी सभा को सम्बोधित किया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने विपक्ष पर जमकर निशाना लगाते हुए एक बार फिर से मोदी सरकार बनने का दावा किया। विपक्ष को निशाने पर लेते हुए शाह ने कहा कि अगर इंडी गठबंधन की सरकार बनती है तो इनके पास प्रधानमंत्री कौन बनेगा? इनके पास कोई चेहरा है क्या? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का मतलब है कि बिहार में जातिवाद को खत्म करना। योग्यता के आधार पर राजनीति की शुरुआत करना। पीएम मोदी की जीत निश्चित है। लेकिन अगर ‘घमंडिया गठबंधन’, इंडी गठबंधन की जीत हुई, तो प्रधानमंत्री कौन बनेगा? क्या वे लालू यादव को प्रधानमंत्री बना सकते हैं? क्या स्टालिन या ममता बनर्जी इस देश को संभाल सकते हैं, क्या आप राहुल बाबा के बारे में भी सोच सकते हैं? उन्होंने पूछा,आप ही बताइए क्या लालू यादव देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं? क्या राहुल गांधी पीएम बन सकते हैं क्या? अगर गलती से इंडी गठबंधन की सरकार बन जाती है तो ये लोग एक-एक साल अलग-अलग प्रधानमंत्री बनेंगे। एक साल लालू जी प्रधानमंत्री बनेंगे, फिर एक-एक साल अन्य नेता और आखिर में थोड़ा कार्यकाल बचेगा तो राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिलेगा।

कर्पूरी ठाकुर जी यहीं (फुलपरास विधानसभा) से विधायक बनकर जाते थे।

शाह ने कहा कि अयोध्या मंदिर का निमंत्रण सबको दिया गया। लेकिन, लालू जी, सोनिया जी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण नहीं गए। लालू राज में मिथिला पीछे गया। मोदी जी जब से आये तब से तालाब, मछली और मखाना को बचाने का काम किया। बीजेपी ने मैथिली को 8 वीं अनुसूची में डाला। अमित शाह ने परिवारवाद पर हमला बोलते हुए कहा कि परिवारवादी पार्टियां देश का भला नहीं कर सकती हैं। सोनिया जी राहुल को प्रधानमंत्री बनाने के चक्कर में हैं तो लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के चक्कर में ,देश का भला मात्र मोदी जी कर सकते हैं। झंझारपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सीता माता की धरती से जय श्रीराम के नारे लगवाए। उन्होंने कहा कि हमारे कर्पूरी ठाकुर जी यहीं (फुलपरास विधानसभा) से विधायक बनकर जाते थे। इतने वर्षों तक कांग्रेस एंड कंपनी ने कर्पूरी ठाकुर जी का सम्मान नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देकर बिहार के समस्त पिछड़े समाज को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी, देशभर के गरीब, पिछड़े, आदिवासी, दलित, वंचित के कल्याण के लिए काम करने वाले नेता के रूप में उभरे हैं। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मतलब है- बिहार से जातिवाद को समाप्त कर देना। देश से और बिहार से भ्रष्टाचार को समाप्त कर देना। मोदी जी का नेतृत्व ही देश को कोरोना एवं आतंकवाद से बचा सकता है और कश्मीर में शासन और सुशासन स्थापित कर सकता है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विरोधी पार्टी है और लालू जी भी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पिछड़ा वर्ग विरोधी कांग्रेस पार्टी की गोद में बैठे हैं। अभी जो मंडल कमीशन के कारण आरक्षण मिला, वो 1957 में मिल जाता, लेकिन कांग्रेस ने काका कालेलकर की रिपोर्ट को रोक कर रखा और मंडल कमीशन का विरोध किया।

राज्य सभा सांसद संजय झा ने कहा

इससे पहले संजय झा ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास प्रधानमंत्री का कोई चेहरा नहीं है। विपक्ष के उम्मीदवार बोली लगाकर आए हैं। झंझारपुर की जनता समझदार है। झंझारपुर में मेडिकल कॉलेज बना रहा है। दरभंगा में एम्स बन रहा है। एयरपोर्ट से क्षेत्र का विकास हुआ है। साथ ही आगे कहा कि कोसी में जब तक हाई डैम नहीं बनेगा तब तक मिथिला का विकास नहीं होगा। इस पर अमित शाह को पत्र दिया है और इसको लेकर उम्मीद है कि अगले पांच वर्ष में हाई डैम बनेगा। बाढ़ से मिथिला को मुक्ति मिलेगी।

मंत्री सह झंझारपुर के विधायक नीतीश मिश्रा ने कहा

झंझारपुर विधायक व सूबे के उद्योग व पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने अपने संबोधन में बताया कि झंझारपुर एवं मधुबनी लोक सभा सीट से राजग उम्मीदवार की जीत सौ फीसदी सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि झंझारपुर लोक सभा क्षेत्र से जदयू के रामप्रीत मंडल व मधुबनी से भाजपा प्रत्याशी अशोक यादव की अपार बहुमत से जीतने में कोई ” इफ- बट” नहीं। आगे मंत्री नीतीश मिश्र ने कहा कि राजनगर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की सभा में जुटे अपार भीड़ व आमजनों की स्वतः स्फूर्त जयकारा उद्घोष संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशियों को उसी दिन विजयी प्रमाण पत्र दे दिया। उन्होंने कहा कि झंझारपुर संसदीय चुनाव में निर्णायक वोट बैंक ब्राह्मण मतदाताओं सहित सभी जाति वर्ग की गुच्छ समर्थन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर एकीकृत है। मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि महागठबंधन के सभी घटक दलों में सर्वप्रथम टिकट वितरण में ही सवर्ण बिरादरी खासकर ब्राह्मण वर्ग को उपेक्षित रखने का मंशा दिखाकर हुई। सवर्ण जाति खासकर ब्राह्मण समाज को कहीं से किसी भी संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी नही बनाने वाला इंडिया गठबन्धन के सभी घटक दल की भावनात्मक मतभेद- मनभेद जग जाहिर है। मंच पर राज्यसभा सांसद संजय झा, मंत्री सह झंझारपुर विधायक नीतीश मिश्रा, मंत्री शीला मंडल, मंत्री मदन सहनी, पूर्व मंत्री सह बेनीपट्टी विधायक विनोद नारायण झा, पूर्व मंत्री लक्ष्मेश्वर राय, पूर्व मंत्री रामप्रीत पासवान, झंझारपुर के पूर्व सांसद वीरेंद्र चौधरी, ललन मण्डल, बाबूबरही विधायक मीणा कामत, विधायक अरुण शंकर प्रसाद, मधुबनी के निवर्तमान सांसद एवं मधुबनी लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद प्रत्याशी डॉक्टर अशोक कुमार यादव, दरभंगा के निवर्तमान सांसद सह सांसद प्रत्याशी गोपाल जी ठाकुर, सुपौल के निवर्तमान सांसद व एनडीए के सांसद प्रत्याशी दिलेश्वर कामत ,जदयू नेता पूर्व एमएलसी विनोद सिंह, भारती मेहता, भाजपा के झंझारपुर जिलाध्यक्ष ऋषिकेश राघव, भाजपा के मधुबनी जिलाध्यक्ष शंकर झा सहित एनडीए के सभी विधायक एवं कार्यकर्तागण मौजूद थें।

बाइट: अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री

Join us on:

Leave a Comment