रिपोर्टर — राजीव कुमार झा
कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम में राज्यपाल के आने को देखते हुए डी एम, एस पी ने लिया जायजा
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बसैठ- चानपुरा गांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आगामी 09 से 11 फरवरी तक आयोजित अतंर्राष्ट्रीय कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बुधवार को डीएम-एसपी ने जायजा लिया। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में अंतराष्ट्रीय कृषि, शिक्षा एवं स्वास्थ्य अमृत महोत्सव सह एग्री एक्सपो कार्यक्रम निर्धारित है। जहां कार्यक्रम के पहले दिन बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर का आना तय है। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने डीएम अरविंद कुमार वर्मा एवं एसपी शुशील कुमार कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे। जहां अधिकारियों ने न्यासी डॉक्टर संत कुमार चौधरी से राज्यपाल के आगमन, ठहराव स्थल, मंच तक आवागमन हेतु सुरक्षित पहुँच पथ व भोजन के लिए चिन्हित सही भवन का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से मंच से दूर ही लोगों के बैठने, मीडियाकर्मियों के लिए अलग से कैम्प बनाये जाने और आम लोगों को चिन्हित करने के लिए कर्मियों को तैनात रखने को कहा। डीएम ने कहा कि, जो संस्था के परिचित होंगे, उन्हें ही संतुष्टि के बाद कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के स्वागत कार्यक्रम में लगाये। लोगों के पहचान के लिए गेट पर कर्मी को तैनात रखे, ताकि, पहचान कर ही व्यक्ति को अंदर आने दिया जाए। डीएम ने राज्यपाल के मंच तक पहुँच पथ को आम व्यक्तियों से दूर रखने को कहा। न्यासी डॉ चौधरी ने डीएम को बताया कि केंद्र के अंदर तीन कमरों को वीवीआइपी मेहमानों के लिए रखा गया है। जहां सभी सुविधाएं उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 09 फरवरी को राज्यपाल का आगमन है। जिसको लेकर सारी तैयारियों का जायजा लिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौजूद होकर बांस-बैरिकेडिंग कराये जाने, राज्यपाल को दिए जानेवाले खाद्य सामग्री का जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया। हेलीपैड निर्माण स्थल का भी जायजा लिया गया और आवश्यकतानुसार निर्देश दिया गया है।
मौके पर स्वास्थ्य विभाग के एसीएमओ डॉ आरके सिंह, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद अरमान, एसडीएम मनीषा, एसडीपीओ नेहा कुमारी, पीएचसी प्रभारी डॉ पीएन झा, सीओ पल्लवी गुप्ता, एसएचओ सह पुलिस इंस्पेक्टर गौतम कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।




