✍️ शंकर (राजनीति विशेषज्ञ)

शाहनवाज हुसैन लंबे अरसे बाद भागलपुर आये हैं। शाहनवाज का राजनीतिक कद इतना बड़ा है कि उन्हें किसी क्षेत्र में बांधा नहीं जा सकता लेकिन वे भागलपुर को ही अपनी कर्मभूमि कहते हैं। ऐसे में मंत्री बनने के उनके दूसरे आगमन के दिन ही पार्टी की ई- चिंतन बैठक (वर्चुअल बैठक) का योग बनने के मायने निकाले जा रहे हैं।
ई-चिंतन बैठक भाजपा का छह हफ्ते का प्रशिक्षण कार्यक्रम है जो जोन वाइज बांटा गया है। हफ्तावार हर जोन के लिए एक बड़े (नामचीन) नेता तय हैं और जोन से एक जिले को कार्यक्रम संचालित करने का जिम्मा दिया गया है।
भागलपुर जोन में भागलपुर जिला और नवगछिया पुलिस जिला समाहित है। यहां की बैठक प्रत्येक शनिवार को तय है। कल इसकी तीसरी बैठक है।
पहली बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दिल्ली से जुटे थे। दूसरे शनिवार की बैठक में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पटना से जुटे थे। तीसरी बैठक में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन का नाम तय है और वे सशरीर भागलपुर में कार्यकर्ताओं से मुखातिब होंगे। उद्योग मंत्री बनने के बाद जब वे पहली बार भागलपुर आए थे तो लंबे समय बाद मंत्री पद के धारण करने की छाया रही थी। इस बार वे संगठनात्मक लीडर की छतरी लिए होंगे। वैसे, वर्चुअल माध्यम जूम से कार्यकर्ताओं के जुडऩे का ऑप्शन है, पर जाहिर है कि चेहरा दिखाने की होड़ मचेगी ही। भाजपा का जिला कार्यालय व इसके आसपास का इलाका कार्यकार्ताओं और शाहनवाज के समर्थकों से गुलजार होगा। कह सकते हैं कि भागलपुर का शनिवार शाहनवाज के नाम होगा।
अभी 2024 आने में तीन साल का वक्त है। तब राजनीति किस संभावना के साथ किस करवट बैठेगी यह अभी गर्भ में है। हर दल और नेता को अपनी जमीन बनाने की जुगत में लग गए हैं। शाहनवाज से जुड़े लोगों का कहना है कि भागलपुर संसदीय सीट राजनीतिक लिहाज से उनका पहला प्यार जैसा है। ऐसे में चिंतन बैठक में उनकी उपस्थिति अगले लोकसभा चुनाव में भागलपुर की संभावना को दिशा दे सकती है। हालांकि इसमें भी राजनीति डेगे-डेग है। भाजपा में विधायक पवन यादव सरीखे दावेदार संसदीय सीट के लिए भी तैयार हैं। कई महत्वाकांक्षी नेता कतार में हैं। गठबंधन की राजनीति उन्हें अभी खुलकर बोलने नहीं दे रही। गठबंधन के तहत यह सीट वर्तमान में जदयू के हिस्से में है। सांसद अजय मंडल की विफलता भाजपाई दावेदारों को मजबूत बना रही है तो अब सांसद की सक्रियता भी क्षेत्र और सोशल मीडिया पर दिख रही है।




