जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह- प्रशिक्षण का किया गया आयोजन

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद ।

बिहार सरकार कृषि विभाग के निदेशानुसार स्थानीय अब्दुल बारी नगर भवन जहानाबाद में आत्मा जहानाबाद के द्वारा रबी महाभियान 2023 के अंतर्गत जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह- प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका विधिवत शुभारंभ अपर समाहर्ता जहानाबाद सुधा गुप्ता के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मौके पर उप निदेशक उद्यान मगध प्रमंडल गया पवन कुमार एवं सहायक निदेशक उद्यान, उद्यान निदेशालय, बिहार पटना विनय कुमार शुक्ला उपस्थित थे। इसके पूर्व उक्त अतिथियों/पदाधिकारियों के द्वारा जहानाबाद जिला के एल.ई.डी. से युक्त रबी महाभियान रथ/वाहन को प्रचार-प्रसार हेतु हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रथ को इस जिला के सभी सात प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करवाया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुधा गुप्ता अपर समाहर्ता के द्वारा बताया गया कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य किसानों को सरकार द्वारा संचालित सभी तरह के कृषक हितकारी योजनाओं की जानकारी देना एवं प्रचार प्रसार करना है। उन्होंने जिले के किसानों को अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर लाभ उठाने का आवाह्न किया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह- परियोजना निदेशक आत्मा जहानाबाद श्री संजय कुमार के द्वारा रबी मौसम में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं यथा- अनुदानित दर पर बीज वितरण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आत्मा योजना आदि के लक्ष्य की जानकारी देते हुए इस जिला में उर्वरक की उपलब्धता के बारे में पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई। उनके द्वारा बताया गया कि रबी महाभियान 2023 के अंतर्गत अगले चरण में दिनांक 16 अक्टूबर 2023 से 29 अक्टूबर 2023 तक निर्धारित तिथियों को इस जिला के सभी सात प्रखंड मुख्यालयों में प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण-सह- उपादान वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रशिक्षण देने एवं उपादान वितरण का कार्य किया जाएगा। सहायक निदेशक उद्यान, उद्यान निदेशालय बिहार पटना विनय कुमार शुक्ला एवं उप निदेशक उद्यान मगध प्रमंडल गया श्री पवन कुमार के द्वारा उद्यान निदेशालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं यथा- मिनी कोल्ड स्टोरेज की स्थापना, मुख्यमंत्री बागवानी मिशन योजना, सूक्ष्म सिंचाई योजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जहानाबाद मो. जावेद आलम के द्वारा पौधा संरक्षण संभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे- बीज उपचार बीज टीकाकरण अभियान, किसान क्षेत्र पाठशाला, आदि के बारे में बताया गया। वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र गंधार जहानाबाद डॉ वाजिद हसन के द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र गंधार द्वारा संचालित विभिन्न तरह के कृषक प्रशिक्षण/परिभ्रमण कार्यक्रम, आधार बीज उत्पादन, जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण भूमि संरक्षण जहानाबाद श्री गुंजन कुमार के द्वारा फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। उनके द्वारा बताया गया कि किसानों को फसल अवशेष/पराली को कभी नहीं जलाना चाहिए बल्कि इसका प्रबंधन करना चाहिए। फसल अवशेष को खेतों में जलाने से मानव एवं मिट्टी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। इसे जलाने से वायु प्रदूषण के कारण मानव को कई प्रकार की श्वांस संबंधी गंभीर बीमारी होती है और मिट्टी में पाए जाने वाले लाभप्रद जीवाश्म एवं जीवाणु जल जाते हैं, जिससे मिट्टी में फसल उत्पादन की क्षमता का ह्रास होता है। किसान फसल अवशेष का उपयोग पशु चारा एवं मिट्टी में मिलाकर खाद के रूप में कर सकते हैं। सरकार द्वारा किसानों को फसल अवशेष का प्रबंधन करने के लिए कृषि यांत्रिकीकरण योजना के अंतर्गत कई प्रकार के कृषि यंत्रों जैसे- सुपर सीडर, स्ट्रा रीपर, हैप्पी सीडर, रीपर-कम-बाइंडर आदि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है। सहायक निदेशक रसायन मिट्टी जांच प्रयोगशाला जहानाबाद श्वेता प्रिया के द्वारा मिट्टी जांच करवाने का महत्व, उससे होने वाले लाभ एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उनके द्वारा बताया गया कि प्रत्येक किसान को अपने खेत की मिट्टी जांच अवश्य करवानी चाहिए। इससे मिट्टी में किस पोषक तत्व की कमी है, का पता चलता है। किसानों को अंधाधुन उर्वरक के प्रयोग करने से बचना चाहिए। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार ही अनुशंसित मात्रा में उर्वरक का व्यवहार करना चाहिए। सरकार द्वारा किसानों को जिला मिट्टी जांच प्रयोगशाला में मिट्टी जांच करवाने की सुविधा निःशुल्क दी जाती है। मौके पर गणमान्य अतिथियों के द्वारा कई किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण किया गया। मत्स्य प्रसार पदाधिकारी जहानाबाद श्रीमती अपर्णा शर्मा के द्वारा मत्स्य विभाग द्वारा संचालित केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न मत्स्य पालन, तालाब निर्माण की योजनाओं की जानकारी दी गई। पौधा संरक्षण निरीक्षक जहानाबाद श्री अनिल कुमार गौरव के द्वारा एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन (आई.पी.एम.) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सहायक निदेशक शष्य भूमि संरक्षण जहानाबाद राम लखन ठाकुर, सहायक निदेशक प्रक्षेत्र जहानाबाद इंदू सिंहा, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी जहानाबाद नेहा, उप परियोजना निदेशक आत्मा जहानाबाद राकेश कुमार, सहायक निदेशक उद्यान जहानाबाद श्री रुपेश कुमार अग्रवाल, सांख्यिकी सहायक विनोद कुमार सिंह, सहायक अनुसंधान पदाधिकारी सी. पी. रॉय, भ्रमण शील पशु चिकित्सा पदाधिकारी श्री नितीश कुमार, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी मो. महफूज़ आलम के साथ-साथ सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार के अलावा प्रगतिशील किसानों में रामविनय शर्मा, श्याम किशोर शर्मा, अंजन कुमार, सतीश कुमार तरुण, बिंदा प्रसाद चंद्रशेखर सिंह आदि उपस्थित थे। मंच का संचालन किसान सलाहकार देवेंद्र कुमार के द्वारा किया गया।

Join us on:

Leave a Comment