रिपोर्ट :- अमित कुमार
पटना, 29 अगस्त। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मंगलवार को यहां कहा कि कांग्रेस को नीतीश कुमार का राजनीति में वजूद पता है, इस कारण किसी टोला का संयोजक बनाने की तैयारी चल रही है। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि नीतीश कुछ बने या नहीं बने , भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि नीतीश से भाजपा का किसी स्तर पर समझौता अब नहीं हो सकता।
पटना में पत्रकारों से चर्चा के दौरान श्री चौधरी ने कहा कि भारत को कई भागो में बांटा जाएगा उसमे से एक क्षेत्र का संयोजक नीतीश कुमार को बनाया जा सकता है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि बिहार में हो रही जातीय गणना में लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव न तीन में हैं न 13 में। इसकी पूरी प्रक्रिया ही एनडीए के शासनकाल में हुई थी, ये लोग तो चोर दरवाजे से सत्ता में आने वाले लोग है।
उन्होंने कहा कि अदालत के आदेश के बाद अति पिछड़ा आयोग बना, लेकिन अब तक उसकी रिपोर्ट बाहर नहीं आ पाई। सवर्ण आयोग की भी रिपोर्ट नहीं आई। भाजपा तो कई दिनों से मांग कर रही है कि जातीय गणना की रिपोर्ट 24 घंटे में सरकार जारी करे ।
उन्होंने लालू प्रसाद के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे तो कांग्रेस का पैर पकड़ने जा रहे। भाजपा नेता ने कहा कि लालू भाजपा को क्या समाप्त करेंगे, उनको तो नीतीश ही समाप्त कर चुके हैं। पहले जेल में डाला फिर सजा करवाई, कांग्रेस ने आर्डनेंस फाड़ा अब वे इनका पैर पकड़ने जाते हैं।
श्री चौधरी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा क्षेत्रीय नहीं राष्ट्रीय पार्टी है। इसे कोई क्या समाप्त करेगी। उन्होंने कहा कि यह घमंडिया गठबंधन है और भाजपा इसे हराने का काम करेगी।
नीतीश के समय से पूर्व चुनाव कराने के संबंध के बयान पर श्री चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि शायद उनको पीएम ने बताया होगा। भाजपा तो 2024 में चुनाव की तैयारी कर रही है।
रसोई गैस सिलेंडर में सब्सिडी बढ़ाए जाने को रक्षाबंधन पर्व पर पीएम जैसे भाई का तोहफा बताते हुए कहा कि इससे अच्छा तोहफा बहनों के लिए क्या हो सकता है।




