संतोष तिवारी की रिपोर्ट :-
मुजफ्फरपुर पुलिस को एक अहम् कामयाबी मिली है. पुलिस ने बीती रात दो अपराधी को गिरफ्तार किया है. दोनों अपराधी शुक्रवार को बैरिया बस स्टैंड में जमीनी विवाद के क्रम में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विपिन सिंह और विजेंद्र कुमार के रूप मे हुई है. मामले की जानकारी शनिवार को नगर डीएसपी राघव दयाल ने प्रेस वार्ता के दौरान दी. उन्होंने बताया कि बीती रात एक हुंडई कार में सवार 3 लोग पुरानी मोतिहारी रोड की ओर जा रहे थे. तभी शनि मंदिर के पास उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया.

पुलिस ने उक्त स्थल से 2 लोगों को हिरासत में लिया. एक व्यक्ति मौका स्थल से भागने मे कामयाब हो गया. हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की हालत गंभीर थी. जिसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया. वहीं दूसरे व्यक्ति की पहचान मोस्ट वांटेड अपराधी विपिन सिंह के रूप मे हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन, और एक हुंडई कार को जप्त किया गया है. नगर डीएसपी ने बताया कि विपिन सिंह पर रंगदारी हत्या और लूट के कई मामले दर्ज है. पूछताछ के बाद इन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद की जा रही है।




