कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):
कैमूर जिले के भभुआ शहर के छावनी मुहल्ले में दो जनवरी को सोमवार को हुए फायरिंग मामले में पुलिस ने मोहनिया थाना क्षेत्र के मझाढी गांव निवासी और फिलहाल शहर के वीआईपी कॉलोनी में रह रहे जहीर खान के दिये आवेदन पर एक बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जहीर ने सीवों गांव निवासी मंटू पटेल उर्फ मंटू सिंह के खिलाफ जान मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। दिये आवेदन में बताया है कि वह वीआईपी कॉलोनी में रहकर पढ़ाई करता है। इसी दौरान उसकी दोस्ती छावनी मुहल्ला वार्ड संख्या नौ निवासी मनोज सिंह के बेटे लकी पटेल के साथ हो गयी। एक जनवरी को संध्या सात बजे लकी पटेल और कुछ लोगों के बीच चकबंदी रोड में झगड़ा हुआ था। दो तारीख को वह साढ़े चार बजे लकी और रिशु के साथ छावनी मुहल्ला होते हुए जा रहा था। इसी दौरान मदर शकुंतला आवासीय विद्यालय के समीप मंटू सिंह द्वारा पिस्टल से उनके ऊपर तीन गोली चलाई गई। जिससे वह लोग किसी प्रकार बच गये। इस दौरान आरोपी ने उन्हें धमकी भी दी कि अगर थाने जाकर केस करोगे तो बर्बाद कर देगा। इसी क्रम में गोली चलने से वहां भीड़ हो गयी भीड़ के बीच आरोपी भाग निकला। गौरतलब है कि नये साल के दूसरे दिन सोमवार को दोपहर बाद साढ़े चार बजे छावनी मुहल्ला स्थित खजुरा हाउस के समीप एकाएक गोली चलने से अफरातफरी मच गयी थी। पुलिस ने मौके से पिस्टल के दो कारतूस बरामद करने के साथ एक युवक को हिरासत में लिया था।




