रिपोर्ट अनमोल कुमार
राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी, गृहमंत्री शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ ने जताया दुख
: सिक्किम में एक सड़क हादसे में सेना के 16 जवानों की जान चली गई, जबकि 4 जवान घायल हो गए। उत्तरी सिक्किम के जेमा में यह दुर्घटना तब हुई, जब सेना का ट्रक खतरनाक मोड़ पर खड़ी ढलान से नीचे फिसल गया। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताया है।
भारतीय सेना के मुताबिक, उक्त ट्रक तीन वाहनों के काफिले का हिस्सा था, जो सुबह चाटेन से चला था और थंगू की ओर जा रहा था। सेना ने कहा कि उत्तरी सिक्किम के जेमा में 23 दिसंबर को सेना के एक ट्रक के साथ हुए दुखद सड़क हादसे में भारतीय सेना के 16 बहादुरों की जान चली गई है।
हादसे पर दुख जताते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के वीर जवानों के जान गंवाने के बारे में जानकर दुख हुआ। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं। पीएम मोदी ने कहा कि सिक्किम में सड़क दुर्घटना में हमारे वीर जवानों को अपनी जान गंवानी पड़ी, जिससे मैं आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सिक्किम में हमारे बहादुर सेना के जवानों की जान लेने वाले दुखद सड़क हादसे के बारे में जानकर दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की गई है। वे जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से उन्हें गहरा दुख है। उन्होंने कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।




