पंकज कुमार जहानाबाद।
- भाकपा-माले ने किया जहरीली शराबकांड की उच्चस्तरीय जांच की मांग।
- जहरीली शराब कांड के प्रशासनिक – राजनीतिक संरक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग।
भाकपा-माले के राज्यव्यापी आह्वान के तहत आज जहानाबाद में सारण जहरीली शराब जनसंहार कांड के दोषी शराब माफियाओं पर शीघ्र कार्रवाई करने,इस जघन्य शराब कांड की उच्चस्तरीय जांच कर शराब माफियाओं के राजनीतिक-प्रशासनिक संरक्षकों पर कड़ी कार्रवाई करने,हरेक प्रखंड मुख्यालय में नशामुक्ति केन्द्र की स्थापना, जहरीली शराबकांड में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 - 10 लाख रु मुआवजा आदि की मांगों के साथ विरोध मार्च निकालकर अरवल मोड़ पर सभा की गई।विरोध मार्च का नेतृत्व माले जिला सचिव कामरेड श्रीनिवास शर्मा, राज्य कमेटी सदस्य कामरेड अरुण बिंद , मोदनगंज प्रखंड सचिव कामरेड वितन मांझी,काको प्रखंड सचिव कामरेड विनोद कुमार भारती, मखदुमपुर प्रखंड सचिव कामरेड सत्येन्द्र रविदास,रतनी प्रखंड सचिव कामरेड ललनकिशोर आजाद नगर सचिव कामरेड वसी अहमद,माले जिला कार्यालय सचिव कामरेड श्याम पाण्डेय, किसान नेता कामरेड सौखिन यादव महिला नेत्री कामरेड मुन्ना देवी, युवा नेता कामरेड योगेन्द्र यादव,सुरेश बिंद, अशोक कुमार आदि नेताओं ने किया।
अरवल मोड़ पर आयोजित सभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि सारण जहरीली शराब कांड प्रशासनिक लापरवाही के कारण शराब माफियाओं द्वारा रचित जनसंहार है। उत्तर प्रदेश के बलिया समेत सीमाई राज्यों से पुलिस की मिलीभगत से शराब ट्रकों में भरकर ढ़ोया जा रहा है। शराबबंदी के नाम पर पुलिस दलितों गरीबों और आम आदमी को जेल में ठूंसकर के शराब माफियाओं को हमेशा ही बचाती रही है। बिहार के थाना से शराब के बोतल से जब तक चूहा शराब पीता रहेगा तब तक शराब माफियाओं की चांदी रहेगी। पूर्व में भी भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रामसूरत राय के स्कूल में शराब के ट्रक पकड़े गए थे लेकिन उसकी जांच कर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बिहार के आईपीएस- आईएएस का शराब माफियाओं से संबंध अब पूरा देश जानता है। इसलिए आम जनता पर लाठी भांजने के बजाय शराब माफियाओं के प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षक को पर कठोर कार्रवाई किया जाना चाहिए। विनाशकारी शराब के बारे में व्यापक तौर पर जन जागरण अभियान चलाना होगा। इस सामाजिक बुराई की लत जकड़े लोगों को शराब छुड़ाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रखंडों में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना करना जरूरी है।




