रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
डिप्टी सीएम तेजस्वी ने भी पीएम को मंगलकामनाएं प्रेषित की
पटना : केंद्र की सत्ता से नरेंद्र मोदी को हटाने के लिए विपक्षी एकता की मुहिम मिशन-2024 पर पूरी ताकत से काम कर रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी है। सीएम ने अपने ट्विटर अकाउंट से पीएम मोदी को संदेश भेजा है। इसके अलावा उन्होंने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर राज्य के मजदूरों को भी बधाई दी है। इस मौके पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भी पीएम मोदी को ट्विट कर जन्मदिन की बधाई दी है। सीएम नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को ट्वीट कर जन्मदिन पर याद किया है। सीएम ने लिखा है-माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभगकामनाएं। उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना है।
वहीं, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीटर हैंडल के माध्यम से कहा-माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ, उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करता हूं।
नीतीश कुमार द्वारा पीएम जन्मदिन की बधाई संदेश में उनकी सफलता या उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं नहीं दी है। दरअसल, वर्षों तक एनडीए में एक साथ रहने वाले नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के बीच बिहार में सियासी उलटफेर के बाद दूरी काफी बढ़ गई है। 2024 में दोनों एक दूसरे को मात देने के लिए पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। बावजूद, यह भारत की संस्कृति की खूबसूरती ही है कि खास मौके पर तमाम विरोध को भुला दिया जाता है।
बिहार की तरक्की में श्रमिक भाई-बहनों का बड़ा योगदान
विश्वकर्मा पूजा पर मजदूर वर्ग को बधाई देते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार की तरक्की की राह में श्रमिक भाई-बहनों का बड़ा योगदान है। उन्होंने मजदूरों से औद्योगित विकास और उत्पादकता में वृद्धि लाने का सहयोग मांगा है।




