रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
अपने व पिता पर राजद अध्यक्ष की तीखी टिप्पणी पर बिफरे भाजपा अध्यक्ष
कहा-एक उम्र के बाद कुछ की सोच गड़बड़ा जाती है
पटना : बिहार की राजनीति में नेताओं द्वारा लगातार भाषा की मर्यादाएं तोड़ी जा रही हैं। ताजा मामला राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के बीच जारी जुबानी जंग का है। डॉ. जायसवाल ने जगदानंद सिंह द्वारा उन्हें और उनके पिता पर दिए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि एक उम्र के बाद कुछ लोगों की सोच गड़बड़ा जाती है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि जगदानंद सिंह लालू प्रसाद यादव के परिवार की नौकरी कर रहे हैं। उससे ज्यादा वे पार्टी में कुछ नहीं कर सकते। काफी तल्ख अंदाज में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तेजस्वी यादव को पुत्र होगा तो उसके भी आदेश का पालन जगदानंद सिंह करेंगे।
गौरतलब है कि जगदानंद ने पहले डॉ. जायसवाल पर को अपमानित करने वाला बयान दिया था। जगदानंद सिंह ने संजय जायसवाल के बारे में कहा था कि हमारी पार्टी का जिलाध्यक्ष रहा व्यक्ति भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष है। साथ ही उन्होंने डॉ. जायसवाल के पिता को लेकर भी बयान दिया था। इसी की प्रतिक्रिया में भाजपा अध्यक्ष ने पत्रकारों के सवाल पर रविवार को उन्हें लालू परिवार का आदेशपालक बताया।




