चंचल गिरी की रिपोर्ट
कुंडहित (जामताड़ा)
आज शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र में मकर सक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह लोग अंबा पश्चिम टोला स्थित सन्यासी तालाब,अम्बा के दोनों नदी हिंगलो और कुरली नदी, शीला नदी, कादीहाड़ा नदी में स्नान करने पहुंचे। स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना कर तिल का दान गरीबों के बीच किया गया। हर हर गंगे, जय जय गंगे के उद्घोष के साथ लोगों ने नदी में आस्था की डुबकी लगाई। मकर संक्रांति पर्व को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। लोग एक दूसरे को बधाई देने में भी मशगूल रहे। सोशल मीडिया पर भी जमकर मकर संक्रांति को लेकर बधाई संदेशों की बाढ़ सी लगी रही। पर्व को लेकर जमकर तिलकुट, दही, लाई और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की खरीदारी दिन भर होती रही। त्याेहार को लेकर नदी में सुबह सुबह स्नान के लिए श्रद्धालुगण पहुंचे। आस्था के पर्व पर सुबह से ही मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। स्नान ध्यान के बाद महिला और पुरुष मंदिर पहुंचे। प्रखंड मुख्यालय स्थित सिंह वाहिनी मंदिर, अंबा स्थित गडशिमुला काली मंदिर,लक्ष्मी मंदिर,गोसाईं थान, प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर के अलावा विभिन्न शिवालयों एवं देवालयों में भी लोगों का आना जाना लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा कर साल भर परिवार की खुशी और मंगल की कामना की। इस दौरान लोगों ने दान देने का भी काम किया।




