दिनदहाड़े ज्वैलरी शॉप में 30 से 40 करोड़ की लूट, हथियारबंद अपराधियों ने उड़ाए सोने-हीरे के जेवर!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!

बेतिया से खबर है जहां बिहार के पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में अपराधियों ने बुधवार को दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सैनको गोल्ड एंड डायमंड ज्वैलरी शॉप में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर दुकान में रखे लगभग सभी सोने-हीरे के आभूषण और नकदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 6 से 8 की संख्या में पहुंचे अपराधियों के हाथों में बंदूक समेत कई अन्य हथियार थे। सभी अपराधी हथियारों के बल पर दुकान में दाखिल हुए और कर्मियों को डराकर लूटपाट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दुकान में रखे लगभग सभी आभूषण और नकदी समेट लिए। लूट की घटना इतनी तेजी से अंजाम दी गई कि दुकान के कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस दौरान विरोध करने या बीच में आने पर अपराधियों ने दुकान के एक कर्मी को बंदूक की बट से मारकर घायल भी कर दिया। घटना के बाद घायल कर्मी को लेकर स्थानीय स्तर पर उपचार की व्यवस्था की गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय और एसएसपी कुमार गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
शहर के व्यस्त सुप्रिया सिनेमा रोड पर दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना से व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल लूटे गए आभूषणों और नकदी की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी है।

Join us on: