रिपोर्ट – सोनू सिंह!
नवादा के रोह थाना क्षेत्र के गोड़िहारी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बुंदी यादव के पुत्र कमलेश यादव के रूप में की गई है। वहीं घायलों में बुंदी यादव (65), सत्येंद्र यादव, अखिलेश यादव, पिंकी देवी और जयमंती देवी शामिल हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गोड़िहारी और भंडाजोर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।परिजनों के अनुसार, गोड़िहारी और भंडाजोर गांव के बीच स्थित 27 कट्ठा जमीन को लेकर करीब दो वर्षों से विवाद चल रहा था। उक्त जमीन जयमंती देवी के नाम पर है, जिसकी वर्ष 2021 में रजिस्ट्री कराई गई थी। जमीन पर धान की फसल लगी थी और फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान 20-25 की संख्या में लोग हथियार और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने कमलेश यादव को विशेष रूप से निशाना बनाते हुए लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि करीब आठ माह पहले भी कमलेश के साथ मारपीट की गई थी। जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, लेकिन इसके बावजूद मामले का स्थायी समाधान नहीं हो सका।घटना में सभी लोग घायल हो गए, जिसके बाद 112 पुलिस की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होने के कारण ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।परिजनों ने भंडाजोर गांव के चुहन सिंह, संतोष सिंह, निशांत सिंह और नवल सिंह समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।वही इस मामले में रोह थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची है। मामला जमीनी विवाद का बताया जाता है। फिलहाल इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



