रिपोर्ट – मनोज कुमार!
नवरात्रि के पहले दिन बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत, एक दर्जन से अधिक झुलसे!
बड़ी खबर पश्चिम चंपारण के बगहा स्थित रामनगर से आ रही है, जहां खटौरी गांव के समीप दोन कैनाल में जलभरी करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग इस हादसे में झुलस गए।
बताया जा रहा है कि नवरात्रि के पहले दिन भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव के ग्रामीण मंदिर में कलश स्थापना को लेकर कलश यात्रा निकालकर जलभरी करने दोन कैनाल पहुंचे थे। इसी दौरान ट्रॉली पर खड़ा एक बच्चा झंडे के साथ 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। इसके बाद ट्रॉली पर सवार अन्य बच्चे भी करंट की चपेट में आ गए।
इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि झुलसे बच्चों व लोगों को इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों का इलाज जारी है।
वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता दो गांवों को जोड़ता है और यहां 11 हजार वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटक रहा है, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
इधर, रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं, जबकि दो बच्चों की मौत हुई है।
नवरात्रि के पहले ही दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में मातम पसरा हुआ है।




