रिपोर्ट- पियूष कुमार!
कैमूर जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कुदरा रेलवे स्टेशन के समीप गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 13 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार तस्करों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं।
रोहतास और कुदरा के रहने वाले हैं तस्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार महिला तस्कर की पहचान अनिता कुमारी के रूप में हुई है, जो पड़ोसी जिले रोहतास की रहने वाली है। वहीं, पकड़ा गया पुरुष तस्कर संजय कुमार कुदरा थाना क्षेत्र का ही निवासी बताया जा रहा है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध खेप को कहां खपाने की योजना थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में13 किलो गांजा बरामद किया गया है। पकड़े गए दोनों तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुदरा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
कुदरा थानाध्यक्ष ने भी मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।




