बक्सर के गंगा सेतु पर टूरिस्ट बस हादसा, तेलंगाना के 25 यात्री घायल!

SHARE:

बक्सर से धीरज कुमार की रिपोर्ट..

बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर सोमवार अहले सुबह करीब 3 बजे बड़ा हादसा हो गया। गया से पिंडदान कर अयोध्या जा रही तेलंगाना के यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे में बस चालक रमेश स्वामी समेत 25 यात्री घायल हो गए। चालक को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। वहीं अन्य घायलों को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार तेलंगाना से 27 यात्रियों का दल टूरिस्ट बस से गया पहुंचा था। सभी ने गया में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी की थी, इसके बाद सभी यात्री अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। बस रात करीब 10 बजे गया से चली थी। सोमवार अहले सुबह करीब 3 बजे बस बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु से गुजर रही थी, पुल पार करने के बाद बस को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करना था, इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक ट्रक/लॉरी में बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है।

हादसे के समय अधिकांश यात्री बस में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ बस ट्रक से टकराई और यात्री अपनी सीटों से आगे की ओर जा गिरे। इसके बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और सभी को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजा।

बाइट- सौरभ राय बक्सर सरकारी अस्पताल के डॉक्टर

बाइट- दुर्घटनाग्रस्त हुई बस यात्री

Join us on: