रिपोर्ट – प्रमोद/सारण!
सारण जिले में बाढ़ के पानी में डूबने से मौत का सिलसिला जारी है। परसा थाना क्षेत्र के बनौता मुकुंद गांव में खेत में फसल देखने गए 55 वर्षीय किसान किशुन राम की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि किशुन राम अपने खेत में लगी लौकी की फसल देखने गए थे। खेत से लौटने के दौरान बाढ़ के तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की खोजबीन के बाद गहरे पानी में एक गड्ढे से उनका शव बरामद किया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।




