रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
गायघाट थाना क्षेत्र के हनुमान नगर गांव में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में स्मैक के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से 2.435 किलो स्मैक, 2.10 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के शिव शंकर कुमार और अंशु कुमारी के रूप में हुई है।दोनों रिश्ते में भाई बहन है।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक अक्टूबर को गायघाट पुलिस को हनुमान नगर में मादक पदार्थ की बिक्री की गुप्त सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों भाई बहन को मौके से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान 2,015 पुड़िया में पैक 2.435 किलो स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा 2.10 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल मिले। मामले में गायघाट थाना में प्रथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीण एसपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के स्वजन का भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा मामला रहा है। गिरफ्तार आरोपित की मां और पत्नी को पूर्व में बेनीबाद थाना कांड संख्या 25/24 में एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।



