अभया ब्रिगेड ने छात्राओं को दिया सुरक्षा का मंत्र: बिना डर के आएं स्कूल, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अनुमंडल मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय तथा परियोजना बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में शनिवार को छात्राओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में बेनीपट्टी की ‘अभया ब्रिगेड’ की पुलिस दीदियों ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें बिना किसी भय के स्कूल-कॉलेज आने-जाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस दीदियों ने छात्राओं को समझाया कि रास्ते में या स्कूल के आसपास किसी भी तरह की अप्रिय घटना, छेड़खानी या अवांछित गतिविधि होने पर उसे कतई न छुपाएं। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने परिवार या पुलिस से ऐसी बातें तुरंत साझा करें। अगर कोई शरारती या उपद्रवी तत्व संदिग्ध गतिविधि में लिप्त दिखता है, तो बिना देर किए अभया ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को सूचित करें। छात्राओं की त्वरित सहायता के लिए उन्हें आपातकालीन और अभया ब्रिगेड के विशेष मोबाइल नंबर भी वितरित किए गए। यह जागरूकता अभियान बेनीपट्टी के थानाध्यक्ष अनूप कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के मन से भय को समाप्त करना और उन्हें एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। पुलिस प्रशासन हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। मौके पर एसआइ सुप्रिया कुमारी, वंशिका श्री और विवेक कुमार सहित पुलिस बल के अन्य जवान और विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना की और पुलिस टीम का धन्यवाद व्यक्त किया।

Join us on: