पुलिस अभिरक्षा से अचानक नदी में कूदा आर्म्स एक्ट का आरोपी, तेज धार में लापता!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

चांदन नदी की उफनती धार में अचानक कूदा आर्म्स एक्ट का आरोपी! सिपाही भी रह गया सन्न, नदी में गायब हुआ संतोष यादव
भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया आर्म्स एक्ट का आरोपी पुलिस की पकड़ से निकलकर चांदन नदी की तेज धार में कूद गया। आरोपी के नदी में छलांग लगाते ही पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोतहदीपुर गांव निवासी संतोष यादव को पुलिस ने हथियार के साथ पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे लेकर चांदन नदी के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी अचानक सिपाही के साथ ही नदी की उफनती धार में कूद गया।अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। नदी की तेज धारा में आरोपी के छलांग लगाने के बाद कुछ देर तक उसे खोजने की कोशिश की गई। बताया गया कि सिपाही किसी तरह नदी से बाहर निकल आया, लेकिन संतोष यादव का पता नहीं चल सका।इधर, आरोपी के नदी में लापता होने की सूचना मिलते ही उसके परिजन भी परेशान हो गए। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बताया कि संतोष यादव को पुलिस पकड़कर ले गई थी और बाद में उसके नदी में कूदने की जानकारी मिली।पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। नदी के किनारे भी छानबीन की गई और उसके पास से बरामद देसी कट्टा व कारतूस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस संतोष यादव के खिलाफ दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि तेज बहाव वाली चांदन नदी में छलांग लगाने के बाद संतोष यादव कहां गया? पुलिस की तलाश जारी है।

Join us on: