रिपोर्ट – अमित कुमार!
सांसद अरुण भारती कहा कि पार्टी के नेता चिराग पासवान लगातार युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं और उन्होंने संसद में युवा आयोग के गठन की मांग की है ताकि युवाओं की समस्याओं, रोजगार के अवसरों और उनके समाधान पर गंभीरता से काम किया जा सके। इसी क्रम में पार्टी ने युवाओं से सीधे जुड़ने के लिए युवा संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की है जिसके माध्यम से परीक्षाओं, रोजगार और भविष्य से जुड़ी उनकी चिंताओं को सुना और समझा जा रहा है।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई राज्यों में पार्टी के प्रभारी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और पार्टी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। चुनाव चिन्ह के आवंटन और दलों में विभाजन के दौरान चिन्ह फ्रीज करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव चिन्ह की व्यवस्था चुनाव आयोग के नियमों के तहत ही की जाती है। वहीं मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि सूची का शुद्धिकरण एक उचित प्रक्रिया है और दोहरे या गलत तरीके से दर्ज नामों को हटाया जाना जरूरी है ताकि सही मतदाताओं का सही प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। बिहार में सहयोगी दलों के आंतरिक बयानों से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने विस्तृत टिप्पणी करने से इंकार करते हुए कहा कि यह संबंधित पार्टी के नेतृत्व का अपना आंतरिक मामला है।



