दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का आरोप, थाने में सुनवाई नहीं होने की शिकायत,SHO ने कहा नहीं आया ऐसा कोई मामला!

SHARE:

रिपोर्ट – रुपेश कुमार!

औरंगाबाद। नबीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में दोनों पैर से दिव्यांग 25 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

पीड़िता के भाई का आरोप है कि गांव के ही एक युवक द्वारा पिछले दो वर्षों से उसकी बहन के साथ जबरदस्ती की जा रही थी और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोपी के दबंग प्रवृत्ति का होने के कारण युवती डर से चुप रही। जानकारी मिलने के बाद जब वह प्राथमिकी दर्ज कराने नबीनगर थाने गया तो उसकी सुनवाई नहीं हुई। उसका आरोप है कि थाने में आरोपी को बुलाकर समझौता करने की बात कही गई और आरोपी के नहीं आने पर बिना आवेदन लिए लौटा दिया गया। जिसके बाद वह जिले के विभिन्न कार्यालयों में न्याय की गुहार लगा रहा है।

वहीं इस संबंध में जब नबीनगर थानाध्यक्ष से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मामला उनके थाने में नहीं आया है। यदि मामला आता है तो उस पर नियमानुसार अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: