रिपोर्ट – निभाष मोदी!
“चेत जाइए सांसद जी… वरना आने वाला वक्त गड़बड़ होगा!” पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र की चेतावनी से भागलपुर की सियासत में भूचाल
पथ निर्माण मंत्री की सांसद अजय मंडल को चेतावनी
भागलपुर-नवगछिया की सियासत में पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र के एक बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। खरीक के काजीकोरैया में सोमवार को दिए गए भाषण का वीडियो मंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो में मंत्री ने भागलपुर सांसद अजय मंडल पर सीधे सवाल उठाते हुए उन्हें चेतावनी तक दे डाली। मंत्री ने कहा कि सांसद एनडीए के हैं और उन्हें सरकार के सामने अपनी बात रखनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय वे बेली ब्रिज के निर्माण को लेकर घोटाले का बयान दे रहे हैं। मंत्री ने साफ शब्दों में कहा—“चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय बहुत गड़बड़ होने वाला है।”
पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र के इस बयान के बाद भागलपुर की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खरीक के काजीकोरैया में अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने सांसद अजय मंडल के साथ-साथ पिछले चुनाव में मैदान में रही एक पूर्व प्रत्याशी को लेकर भी सवाल खड़े किए।मंत्री ने कहा कि जिस चुनाव में एक प्रत्याशी ने करीब 61 हजार वोट हासिल किए, वह कथित तौर पर क्षेत्र में घूमने तक नहीं आईं, तो आखिर इतनी बड़ी संख्या में वोट कैसे मिल गए? मंत्री के इस बयान को बिहपुर की पूर्व प्रत्याशी अर्पणा कुमारी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, मंत्री ने अपने संबोधन में उनका नाम स्पष्ट रूप से नहीं लिया।मंत्री ने अपने भाषण में जात-पात की राजनीति से बचने की अपील भी की और इसी क्रम में भागलपुर सांसद अजय मंडल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद एनडीए के हैं और यदि उन्हें किसी मुद्दे पर आपत्ति है तो उन्हें सरकार के पास जाकर अपनी बात रखनी चाहिए।
बेली ब्रिज को लेकर सांसद द्वारा घोटाले का आरोप लगाए जाने पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर पर काम हो रहा है और सांसद को अपनी बात उचित मंच पर रखनी चाहिए। इसी दौरान उन्होंने सांसद को चेतावनी देते हुए कहा कि वे चेत जाएं, नहीं तो आने वाला समय काफी गड़बड़ होने वाला है।
मंत्री ने यह भी कहा कि करीब दो साल बाद चुनाव आने वाला है और जनता सब कुछ देख रही है। उन्होंने सांसद की बाढ़ के दौरान क्षेत्र में मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब क्षेत्र बाढ़ और कटाव की गंभीर स्थिति से जूझ रहा है, तब जनप्रतिनिधियों की भूमिका और उनकी सक्रियता जनता के सामने होती है।
मंत्री के इस बयान ने एक साथ कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। बेली ब्रिज से लेकर बाढ़ के दौरान जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और चुनावी राजनीति तक, मंत्री के निशाने पर सांसद अजय मंडल साफ तौर पर नजर आए। अब सवाल यह है कि मंत्री की इस चेतावनी पर सांसद अजय मंडल क्या पलटवार करते हैं और क्या यह बयान आने वाले दिनों में भागलपुर-नवगछिया की राजनीति में किसी बड़े टकराव की नींव रखेगा? फिलहाल, मंत्री के बयान के बाद राजनीतिक तापमान जरूर बढ़ गया है।




