भागलपुर -टोटो-बाइक की भीषण टक्कर से मची चीख-पुकार, 3 युवक गंभीर; महिला समेत 5 घायल!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

भागलपुर के पीरपैंती में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने सड़क को हादसे की जगह बना दिया। टड़वा के पास टोटो और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टोटो सवार महिला और चालक भी हादसे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि पीरपैंती के टड़वा के पास टोटो और मोटरसाइकिल के बीच अचानक जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में 17 वर्षीय अंकित कुमार, पिता गोपाल ठाकुर, 17 वर्षीय सचिन कुमार, पिता प्रदीप महाल्दार और 18 वर्षीय हिमांशु कुमार, पिता शिव महाल्दार घायल हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया है।
वहीं, हादसे में टोटो सवार महिला बेबी करीना, पिता मोहम्मद जब्बार, निवासी पीरपैंती बाजार, भी घायल हुई हैं। उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है। टोटो चालक मोहम्मद शाहिद खान के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
फिलहाल इस भीषण सड़क हादसे में घायलों का इलाज जारी है। सबसे ज्यादा चिंता मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की गंभीर हालत को लेकर है। हादसे के बाद एक बार फिर पीरपैंती क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं

Join us on: