जमुई -मजदूरों से जबरन गवाही लेने का आरोप,मजदूरों ने SP से मिलकर की शिकायत!

SHARE:

रिपोर्ट – पुरुषोत्तम कुमार!

-जमुई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मजदूरों पर दबाव बनाकर जबरन गवाही दिलाने का आरोप लगा है। मामला चंद्रमंडीह थाना कांड संख्या 191/26 से जुड़ा है।

शनिवार दोपहर करीब 3 बजे तीन पीड़ित मजदूर अपने सहयोगियों के साथ समाहरणालय पहुंचे और एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। मजदूरों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

एसपी को दिए आवेदन में बिचकोड़बा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी महेश मुर्मू, शिबलाल मुर्मू और भूतु टुडू ने कहा है कि वे उक्त कांड के किसी भी आरोपित को व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते हैं। न तो उनके साथ मारपीट हुई है और न ही वे घटना के प्रत्यक्षदर्शी हैं।

मजदूरों का आरोप है कि कांड के आवेदक रमेश कुमार उन पर दबाव बना रहे हैं कि आवेदन में जिन आरोपितों के नाम दर्ज हैं, वही नाम वे अपनी गवाही में बताएं। ऐसा नहीं करने पर मजदूरी नहीं देने की धमकी दी जा रही है।

बता दें कि रमेश कुमार की जमीन की घेराबंदी कुछ लोगों ने तोड़ दी थी, जिसे ये मजदूर नहीं पहचानते। पीड़ितों का कहना है कि वे गरीब श्रमिक हैं, किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, सिर्फ अपनी मेहनत की मजदूरी चाहते हैं।

पीड़ित मजदूरों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठी गवाही के लिए दबाव बनाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

बाइट – पीड़ित मजदूर

Join us on: