रिपोर्ट – पुरुषोत्तम कुमार!
जमुई जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है।
दरअसल सिमुलतल्ला थाना क्षेत्र के घने जंगल में 16वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल यानी SSB ने सर्च ऑपरेशन चलाकर 3 अवैध हथियार बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में एक देसी राइफल और दो देसी कट्टा शामिल है। इसकी पुष्टि 16वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी सह कार्यवाहक कमांडेंट बांके बिहारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर की है।
जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को SSB की आसूचना शाखा को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमुलतल्ला के बथनावरण, कासासकरी, घोटारी और नूनतारा के समीप हल्दिया झरना के आसपास घने जंगल में नक्सलियों ने हथियार और गोला-बारूद छिपा कर रखा है।
सूचना मिलते ही कार्यवाहक कमांडेंट बांके बिहारी के नेतृत्व में 11 सितंबर की मध्य रात्रि के बाद सिमुलतल्ला के ‘बी’ समवाय के 34 जवानों, प्रशिक्षित खोजी श्वान जूली और फेंटा, DSMD और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र प्रभुत्व और डी-माइनिंग अभियान शुरू किया गया।
लगभग 6 से 7 घंटे तक घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान करीब 11 बजे हल्दिया झरना से लगभग 200 मीटर पश्चिम दिशा में बड़े पत्थरों के बीच बने एक सुरंगनुमा ठिकाने से हथियार बरामद किए गए।
SSB ने तीनों हथियारों को विधिवत जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सिमुलतल्ला थाना पुलिस को सौंप दिया है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल गतिविधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। SSB का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।



