भोजपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार बदमाश गिरफ्तार!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

भोजपुर पुलिस ने वाहन चोरी और चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई की है। बड़हरा थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की चार मोटरसाइकिलों की चाबियां और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर की शाम गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर बड़हरा थाना क्षेत्र के कोल्हरामपुर गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान आरोपियों के पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ के आधार पर चोरी में इस्तेमाल होने वाली अन्य मोटरसाइकिलों की चाबियां भी बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार, विक्की कुमार, प्रेम शंकर उर्फ प्रेम कुमार और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में लाल रंग की अपाचे BR03AK1263, काले रंग की अपाचे BR01KA2660 और ब्लू रंग की अपाचे BR01JU0186 शामिल हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली चार अलग-अलग मोटरसाइकिलों की चाबियां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिलों में एक बाइक शाहपुर थाना कांड संख्या 218/26 से संबंधित है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
भोजपुर पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी करने वाले गिरोह में हड़कंप मचा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के नेटवर्क और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलों के बारे में पता लगाने में जुटी है।

Join us on: