आरा/आशुतोष पाण्डेय!
श्री हनुमान मंदिर बड़ी मठिया में धूमधाम से संपन्न हुआ श्रीकृष्ण छठीहार महोत्सव, सोहर और बधाई गीतों से गूंजा परिसर
आरा। आरा शहर के प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर, बड़ी मठिया के प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर भव्य श्रीकृष्ण छठीहार महामहोत्सव का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह दिव्य कार्यक्रम पूज्य श्री जीयर स्वामी जी महाराज के प्रधान शिष्य पूज्य स्वामी अयोध्यानाथ जी के मंगलानुशासन तथा श्री रामकिंकर दास जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
धार्मिक आस्था, लोक-संस्कृति और संगीत के इस अद्भुत संगम में हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। कार्यक्रम शाम 5:00 बजे से शुरू होकर देर रात 12:00 बजे तक अनवरत चलता रहा। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा व फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव का मुख्य आकर्षण मंगलामुखियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक सोहर और बधाई गीत रहे। संगीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही युवा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों और लोकधुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
अयोध्यानाथ स्वामी जी महाराज का संदेश
सत्संग एवं आशीर्वाद देते हुए पूज्य अयोध्यानाथ स्वामी जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संपूर्ण मानव समाज को सत्य, धर्म, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा, “धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजनों से समाज में प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना मजबूत होती है।”
कार्यक्रम के अंत में महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसे हजारों भक्तों ने पूर्ण श्रद्धा के साथ ग्रहण किया। संपूर्ण आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजकों द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे।



