महिला के घर में घुसकर छेड़खानी व लूटपाट का प्रयास, दो गिरफ्तार; एक विधि-विरुद्ध बालक निरुद्ध!

SHARE:

रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय


आरा/जगदीशपुर। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनिआंव गांव में महिला के घर में घुसकर हथियार के बल पर छेड़खानी, लज्जा भंग करने का प्रयास और घर में लूटपाट की कोशिश करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 8 सितंबर 2026 की शाम की है। कुछ आरोपित महिला के घर में घुस गए और हथियार के बल पर उसके साथ छेड़खानी एवं लज्जा भंग करने का प्रयास करने लगे। साथ ही घर में लूटपाट करने की भी कोशिश की गई। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तत्परता दिखाते हुए तीनों को पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को दो देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नगेंद्र मौर्या उर्फ नगेंद्र मरकम, पिता- विद्याचल कुशवाहा, निवासी अलबालपुर अफगा, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) तथा मयंक श्रीवास्तव, पिता- रंजन श्रीवास्तव, निवासी बिहियां, थाना बिहियां, जिला भोजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त हथियारों के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

Join us on: