हाजीपुर- स्वतंत्रता आंदोलन में तेली समाज के शहीदों और महापुरुषों के योगदान को किया गया याद!

SHARE:

रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!

,

हाजीपुर। आजादी की लड़ाई में प्राण न्योछावर करने वाले समाज के शहीदों को नमन करने के साथ तैलिक साहू समाज को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया गया। रविवार को अनवरपुर स्थित साहू समाज भवन में आयोजित वैशाली जिला प्रबुद्ध तैलिक समाज की सभा में स्वतंत्रता आंदोलन में समाज के योगदान से लेकर वर्तमान चुनौतियों तक पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि इतिहास में समाज के महापुरुषों और शहीदों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ संगठन को जिला से पंचायत स्तर तक सक्रिय करना जरूरी है।
रामेश्वर प्रसाद साहू की अध्यक्षता में आयोजित सभा में समाज के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि और प्रबुद्ध लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार प्रदेश तैलिक साहू सभा के उपाध्यक्ष साहू भूपाल भारती ने कहा कि वैशाली जिले में संगठन को जिला और प्रखंड तक सीमित रखने के बजाय पंचायत स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। संगठित समाज ही अपनी समस्याओं और अधिकारों की आवाज प्रभावी ढंग से उठा सकता है।
उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन और सामाजिक सुधार में तेली समाज के महापुरुषों के योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में समाज के लोगों ने भी अपना बलिदान दिया। उन्होंने 22 अगस्त 1942 को मुजफ्फरपुर के पारू थाना पर तिरंगा फहराने के दौरान अंग्रेज पुलिस की गोलीबारी की घटना का उल्लेख किया। साथ ही पूर्वी चंपारण के मेहसी स्टेशन पर राम अवतार साह की शहादत और अमर शहीद रम्पा तेली के बलिदान को भी याद किया।
भारती ने कहा कि स्वतंत्रता के आठ दशक बाद भी कई शहीद परिवारों को अपेक्षित सहायता और सम्मान नहीं मिल सका है। उन्होंने सरकार से ऐसे परिवारों की सुध लेने की मांग की। इसके साथ ही साहू समाज के लोगों के खिलाफ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए उनकी सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने बताया कि वैशाली जिला तैलिक साहू सभा के संगठन का चुनाव इसी माह के अंतिम सप्ताह में कराया जाएगा। बैठक में संगठन को अधिक सक्रिय और व्यापक बनाने को लेकर भी विचार रखे गए।
सभा के दौरान अमर शहीद छकौड़ी लाल साह, शहीद रम्पा तेली और पेरियार साहेब के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता बढ़ाने और नई पीढ़ी को अपने महापुरुषों के इतिहास से परिचित कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को किरण गुप्ता, राजेश गांधी, चंदेश्वर साह, ज्योत्सना कुमारी, शंभू साह, राजीव कुमार, मुखिया अरुण साह, विजेंद्र प्रसाद गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद, अंकुर गुप्ता, प्रमोद कुमार साहू, महेश साह और मनोज कुमार साह सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
इस अवसर पर उपस्थित तैलिक समाज के लोगों ने मुख्य अतिथि साहू भूपाल भारती को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

Join us on: