आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच जिलाधिकारी मनेश मीणा रविवार को अधिकारियों की टीम के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे। डीएम ने बड़हरा, शाहपुर विधानसभा क्षेत्र समेत आरा मुफस्सिल इलाके में भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों का जायजा लिया।
भोजपुर में गंगा नदी के बढ़े जलस्तर से कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसी को लेकर जिलाधिकारी मनेश मीणा ने रविवार को अधिकारियों के साथ विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं सहायता कार्यों की समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने में जुटा है। उन्होंने बताया कि कल की अपेक्षा गंगा के जलस्तर में कमी दर्ज की जा रही है, जिससे स्थिति में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है।
डीएम ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने का निर्देश दिया। प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल भोजपुर प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।




