रिपोर्ट – पंकज कुमार!
सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर काफी देर तक बवाल काटा बाद में पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बूझकर सड़क जाम हटाया सड़क जाम में कई छोटे बड़े वाहन फंसे रहे जिससे आम जनों को परेशानियों झेलनी पड़ी जहानाबाद में एनएच-33 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर पटना-गया मुख्य मार्ग एनएच-33 को घंटों जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया. घटना नगर थाना क्षेत्र के मठिया गांव के समीप की है.
बताया जा रहा है कि मठिया गांव निवासी गनौरी भगत दिनभर ठेला चलाने के बाद अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान एनएच-33 पार करने के क्रम में गया की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि गनौरी भगत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया.पुलिस जब दोनों युवकों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाने लगी, तो ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस वाहन को घेर लिया. ग्रामीण आरोपियों को अपने हवाले करने की मांग कर रहे थे. स्थिति बिगड़ती देख नगर थानाध्यक्ष उमेश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भीड़ को शांत कराया. इस दौरान ग्रामीणों ने एनएच-33 को पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
ग्रामीणों का आरोप है कि इस जगह पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं. पहले भी हादसों के बाद ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई गई थी, जिसे अब तक अनदेखा किया गया. बाद में पुलिस बल ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया. हालांकि, घटना और ग्रामीणों के हंगामे को लेकर कोई भी पुलिस अधिकारी मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बचता नजर आया.




