रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर: एक दिवसीय दौरे पर मुंगेर पहुंचे सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह नगर परिषद क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह समय-समय पर जनता के बीच पहुंचे, उनकी समस्याओं को सुने और उसके समाधान का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि वह इसी दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।
ललन सिंह ने कहा कि मुंगेर और जमालपुर की सबसे प्रमुख समस्याओं में पेयजल की समस्या शामिल है। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से बातचीत की थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बुडको की टीम ने दोनों शहरों के प्रत्येक वार्ड में जाकर सर्वेक्षण किया और रिपोर्ट तैयार की। उन्होंने बताया कि मुंगेर शहर के लिए 177 करोड़ रुपये और जमालपुर शहर के लिए 102 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत हो चुकी है। फिलहाल दोनों योजनाओं के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के पूरा होने के बाद मुंगेर और जमालपुर शहर में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी।
बाढ़ की स्थिति पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ कोई नई चीज नहीं है, हर साल आती है। इस बार गंगा का जलस्तर थोड़ा अधिक बढ़ा है, लेकिन वर्ष 2016 में इससे भी ज्यादा जलस्तर रहा था। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के साथ बैठक कर बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सरकार क्या कदम उठा सकती है, इस पर अधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक सुझाव दिए जाएंगे।
बाइट: राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह केंद्रीय मंत्री सह सांसद मुंगेर




