आरा/आशुतोष पाण्डेय!
महामहोत्सव शुक्रवार को भक्तिमय वातावरण में भव्यता के साथ संपन्न
हुआ।
कार्यक्रम में परम पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज के प्रधान शिष्य महंत श्री अयोध्यानाथ स्वामी जी की गरिमामयी उपस्थिति रही
बड़ी मठिया में गूंजा ‘जय श्रीकृष्ण’ का जयघोष, भव्य आरती के साथ जन्माष्टमी महामहोत्सव संपन्न
आरा। शहर के प्रसिद्ध बड़ी मठिया स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर महामहोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भव्य कीर्तन-भजन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं पूजन के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
महामहोत्सव में परम पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज के प्रधान शिष्य महंत श्री अयोध्यानाथ स्वामी जी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन अधर्म पर धर्म की विजय और निष्काम कर्म की प्रेरणा देता है। वर्तमान समय में श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को जीवन में आत्मसात करना ही सच्ची भक्ति है। व्यक्ति जब स्वार्थ का त्याग कर समाज और धर्म के कल्याण के लिए कार्य करता है, तभी उसे ईश्वर की सच्ची कृपा प्राप्त होती है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की।
महामहोत्सव के सफल आयोजन में मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, व्यवस्था एवं महाप्रसाद वितरण के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। कार्यक्रम के अंत में भव्य आरती हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।



