नवगछिया – करीब 70 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

नवगछिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 546 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, करीब 70 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

नवगछिया। 3 सितंबर 2026,मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 546 ग्राम स्मैक के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 70 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ, शराब बरामदगी और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 सितंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-31 स्थित संतोष धर्मकांटा के समीप स्मैक की बड़ी खेप पहुंचने वाली है।
सूचना मिलते ही गठित विशेष टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी। करीब 11 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार हरेराम कुमार उर्फ बमबम के पास से 220 ग्राम और विशाल कुमार के पास से 326 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस तरह कुल 546 ग्राम स्मैक जब्त की गई। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर वाहन भी विधिवत जब्त कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में विशेष अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने कुल 2.1 किलोग्राम स्मैक बरामद करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Join us on: