पंकज कुमार जहानाबाद
नदियों में उफान आने के कारण कई गांव का सड़क संपर्क भंग,लोग परेशान, शकूराबाद में मरहर नदी के पुल पर चढ़ा बाढ़ का पानी
जहानाबाद जिले के ग्रामीण इलाके में दरधा, मोरहर एवं जमुने नदी के पानी में लगातार वृद्धि के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है सबसे ज्यादा विकराल स्थिति जहानाबाद के दक्षिणी पश्चिमी इलाके की हो गई है जहां मोरहर नदी का पानी कई गांव के बधार में फैल गया है जिससे किसानों के खेतों में लगे धान का फसल डूब गया है जिला प्रशासन के द्वारा इलाके में हाई अलर्ट घोषित किया गया है जिला प्रशासन के पदाधिकारी इलाके का निरीक्षण करने में जुटे हुए हैं आपको बताते चलें कि जमुने नदी का पानी में अचानक वृद्धि होने के कारण जहानाबाद शहर के जाफरगंज मोहल्ला के कई घरों में पानी घुस गया है इसके अलावा जो भी नदी किनारे घर है उन घरों में भी नदी का पानी प्रवेश करने लगा है इधर रतनी प्रखंड में मोरहर नदी का पानी अचानक बढ़ने से जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। नदी का पानी ओवरफ्लो होकर शकूराबाद बाजार के पास मुख्य सड़क पर आ गया है, जिससे सड़क पूरी तरह डूब गई है।
इस अचानक हुए जलभराव के कारण बाजार आने वाले ग्रामीण खरीदारों और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी हो रही है। खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी पानी के बीच से गाड़ियां निकालने में काफी मुश्किल हो रही है। हालात ऐसे हैं कि आम लोगों को अपनी जान खतरे में डालकर इस तेज बहाव के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
शुरुआत में नदी में पानी आने से इलाके के किसान खुश थे। सूखे की मार झेल रहे खेतों को इस पानी से राहत की उम्मीद थी, लेकिन अब यह स्थिति किसानों के लिए चिंता बढ़ा रही है।
किसानों का कहना है कि यदि खेतों और सड़कों से पानी की निकासी जल्द नहीं की गई, तो लंबे समय तक जलभराव रहने से खड़ी धान की फसल सड़ सकती है। इससे उन्हें भारी नुकसान हो सकता है।
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “मोरहर नदी में पानी का बहाव अचानक बढ़ने से शकूरबाद बाजार के पास सड़क डूब गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से राहत की मांग की है।
सड़क पर पानी जमा होने के कारण पैदल चलने वालों के साथ साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है इधर पुलिस प्रशासन के द्वारा लगातार लोगों को पानी में न जाने की सलाह दी जा रही है



