भागलपुर- गंगा से तबाही, कई गाँव खाली, लगातार पलायन जारी,तम्बू में रहने को लोग हुये मजबूर!

SHARE:

रिपोर्ट – निभाष मोदी!

भागलपुर में गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी से बाढ़ की स्थिति भयावह होती जा रही है। गंगा के आसपास के कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। नाथनगर प्रखंड के रत्तीपुर, बैरिया, शंकरपुर, अजमेरीपुर, रसीदपुर और श्रीरामपुर समेत कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हालात बिगड़ने के बाद ग्रामीण अपने परिवार और जरूरी सामान के साथ सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं।
बाढ़ की वजह से इन इलाकों के करीब 5 हजार की आबादी प्रभावित बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण उन्हें बाढ़ की त्रासदी झेलनी पड़ती है। इस बार भी हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। कई परिवार अपना घर छोड़कर रविंद्र भवन, टिल्लाह कोठी और अन्य ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए हैं।
वहीं ग्रामीणों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हो रही। एक तरफ बाढ़ का पानी और दूसरी तरफ लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के दौरान खुले या अस्थायी ठिकानों पर रह रहे परिवारों के लिए खाना बनाना और रात गुजारना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में चूल्हा तक नहीं जल पाता और उन्हें सूखा राशन खाकर गुजारा करना पड़ रहा है।
वहीं, जलावन की कमी के साथ पशुओं के चारे का भी संकट गहराने लगा है। ग्रामीणों के मुताबिक महिलाएं किसी तरह आसपास से चारा जुटाकर पशुओं को खिला रही हैं। बाढ़ के पानी के बीच सांप जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बना हुआ है, जिसके कारण लोग रात में भी दहशत में रहते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षित स्थान, भोजन, जलावन, पशु चारा और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच ग्रामीणों को अब बाढ़ का पानी कम होने का इंतजार है

Join us on: