नालंदा -बाढ़ से तबाही शुरु,पुल क्षतिग्रस्त, डायवर्सन डूबा,लोगों की बढ़ी परेशानी!

SHARE:

रिपोर्ट – मिथुन कुमार!


नालंदा के बिहार शरीफ प्रखंड के मानपुर स्थित दरियासराय के पास सकरी नदी पर बना पुल करीब तीन महीने पहले क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने यहां से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन की ओर से नदी में तत्काल आवागमन के लिए छिलका यानी डायवर्सन का निर्माण कराया गया था, लेकिन सकरी नदी में अचानक पानी बढ़ने के बाद यह डायवर्सन भी पूरी तरह डूब गया है।
डायवर्सन के डूबने के बाद मानपुर और आसपास के ग्रामीणों की परेशानी काफी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जो दूरी महज चार किलोमीटर में तय हो जाती थी, अब लोगों को करीब 40 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ रहा है।

दरियासराय के पास सकरी नदी पर बना यह पुल बिहार शरीफ और आसपास के कई इलाकों को आपस में जोड़ता है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से पहले इसी रास्ते से बड़ी संख्या में वाहन और साइकिल सवारों का आवागमन होता था। पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी और लोगों के पैदल आने-जाने की व्यवस्था रखी गई।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने नदी में अस्थायी छिलका यानी डायवर्सन का निर्माण कराया था, लेकिन अब नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण डायवर्सन भी पानी में डूब गया है। इससे लोगों के लिए आवागमन का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि डायवर्सन बनाने में जितना पैसा खर्च किया गया, अगर उतना ही पैसा क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत में लगाया जाता तो शायद आज इस रास्ते से वाहनों का परिचालन शुरू हो सकता था। ग्रामीण जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं।

पुल की सुरक्षा को देखते हुए मानपुर थाना की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति पानी के बीच से पुल पार करने की कोशिश न करे। पुलिस का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यहां निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, ग्रामीणों के मुताबिक सकरी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अगर इसी तरह पानी बढ़ता रहा तो आसपास के गांवों में भी बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसके साथ ही सैकड़ों बीघा में लगी फसल के भी बर्बाद होने की आशंका ग्रामीण जता रहे हैं।
एंकर क्लोज :
फिलहाल पुल क्षतिग्रस्त होने और डायवर्सन के डूब जाने से स्थानीय लोगों के सामने आवागमन की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पुल की मरम्मत कराकर इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू कराया जाए।

Join us on: