व्याहुत कलवार समिति ने आयोजित किया बलभद्र पूजन महोत्सव, नेपाल समेत विभिन्न गांवों से जुटे श्रद्धालु!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी व्याहुत कलवार समिति, जयनगर के तत्वावधान में कलवार समाज के कुलदेवता भगवान श्री बलभद्र दाऊ बलराम की जयंती पर पूजन महोत्सव सह धार्मिक अनुष्ठान कार्यक्रम सहर के मेन रोड स्थित मारवाड़ी विवाह भवन परिसर में धूमधाम से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में जयनगर सहित आसपास के गांवों, मधुबनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों तथा नेपाल के जनकपुर से बड़ी संख्या में स्वजातीय श्रद्धालु महोत्सव मे शामिल हुए। पूजन कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व भगवान बलभद्र, राधा-कृष्ण, भोलेनाथ, वीर बजरंगी और सुदामा समेत अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियों से सुसज्जित रथ के साथ सहर के विभिन्न मार्गो पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़े, बैंड-बाजे गूंज एवं बलभद्र भगवान के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। यह शोभायात्रा आयोजन स्थल से शुरू होकर विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पवित्र कमला नदी पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने मां कमला की पूजा-अर्चना की और कलश में जल भरकर पुनः पूजन स्थल पर पहुंचे। पूजन स्थल पर भगवान बलभद्र की आकर्षक प्रतिमा स्थापित कर पंडित अरविंद तिवारी द्वारा यजमानों के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन, विशेष पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन, महाआरती, बलभद्र वंदना, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वजातीय सम्मेलन, परिचय एवं सम्मान समारोह एवं भंडारा- प्रसाद ग्रहण का आयोजन किया गया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भगवान बलभद्र भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई और व्याहुत कलवार समाज के कुलदेवता हैं। धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य समाज, देश और विश्व के कल्याण, शांति, व्यवसाय की उन्नति तथा महामारी से बचाव की कामना की गई। इस अवसर पर समाज को शिक्षित बनाने, नशामुक्ति, आपसी सौहार्द, जरूरतमंदों की सेवा, महिला सशक्तीकरण और एकता का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और सांस्कृतिक प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार गुड्डू, कार्यकारिणी अध्यक्ष संजीव कुमार छोटू, संयोजक संतोष कुमार साह, महासचिव विनोद साह समेत समिति के पदाधिकारियों और युवाओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई है।

Join us on:

और पढ़ें