भोजपुर-गड़हनी गोलीकांड के बाद सड़क जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

घायल सोनू कुमार के परिजनों ने करीब दो घंटे तक सासाराम मुख्य मार्ग किया जाम

भोजपुर जिले के गड़हनी में युवक सोनू कुमार को गोली मारे जाने की घटना के बाद बुधवार को उसके परिजनों और समर्थकों ने आरा सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सुबह करीब 8 बजे से 10 बजे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि सोनू कुमार को गोली मारने के आरोपित आयुष कुमार, प्रकाश पासवान और धौनी कुमार को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं और अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सोनू कुमार के भाई बिट्टू कुमार ने प्रशासन पर मामले में अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना से पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और पुलिस को आरोपितों के संबंध में जानकारी दी गई थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो उनके भाई को गोली मारने की नौबत नहीं आती।

बिट्टू कुमार ने पुलिस से सवाल किया कि आखिर सोनू कुमार को गोली मारने के आरोपितों की गिरफ्तारी कब होगी? उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

वहीं, जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी रविशंकर कुमार की ओर से परिजनों को आश्वासन दिया गया कि 24 घंटे के भीतर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आगे भी आंदोलन किया जा सकता है।

बाइट: बिट्टू कुमार, घायल सोनू कुमार के भाई

Join us on:

और पढ़ें