:- रवि शंकर अमित!
वैश्विक संकटों के बीच मोदी के नेतृत्व में भारत ने दिखाई आर्थिक ताकत, 7.8 प्रतिशत की विकास दर इसका प्रमाण : संजय सरावगी
7.8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि नए भारत के आत्मविश्वास और आर्थिक ताकत का प्रमाण : संजय सरावगी
सेवा, विनिर्माण और निवेश ने भारत की अर्थव्यवस्था को दी नई रफ्तार, ‘मोदी मॉडल’ की सफलता : संजय सरावगी
मिथिलांचल समेत पूरे बिहार के युवाओं और उद्यमियों के लिए 7.8 प्रतिशत की विकास दर नई उम्मीद : संजय सरावगी
युद्ध और वैश्विक संकट के बीच भारत 7.8 प्रतिशत की रफ्तार से आगे, दुनिया करीब 3 प्रतिशत पर : संजय सरावगी
पटना, 1 सितंबर । बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की वास्तविक जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की मजबूत आर्थिक बुनियाद, प्रभावी नीतियों और बढ़ते वैश्विक विश्वास का प्रमाण बताया है।
उन्होंने कहा कि जब दुनिया युद्ध, भू-राजनीतिक तनाव, ऊर्जा संकट, आपूर्ति-श्रृंखला में व्यवधान और आर्थिक अनिश्चितता से जूझ रही है, तब भारत की अर्थव्यवस्था का 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ना नए भारत की ताकत और आत्मविश्वास को दर्शाता है।
सरावगी ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की औसत वृद्धि करीब 3 प्रतिशत के आसपास रहने के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है। पिछले वर्ष इसी तिमाही में विकास दर 6.9 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष, ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव और वैश्विक व्यापारिक तनाव जैसी चुनौतियों के बावजूद भारत न रुका और न झुका। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने भी कहा है कि निराशा फैलाने वाले हार गए और भारत फिर खिल उठा। यह उपलब्धि देश की सामूहिक शक्ति का परिणाम है।
सेवा, विनिर्माण और निवेश ने अर्थव्यवस्था को दी नई गति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत की आर्थिक मजबूती किसी एक क्षेत्र पर निर्भर नहीं है। सेवा क्षेत्र में 10 प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र में 9.2 प्रतिशत और द्वितीयक क्षेत्र में 8.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सकल स्थायी पूंजी निर्माण में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि भविष्य की उत्पादन क्षमता के मजबूत होने का संकेत है। निजी खपत में 7.1 प्रतिशत की वृद्धि से घरेलू मांग की मजबूती स्पष्ट होती है। सेवा क्षेत्र के भीतर सूचना प्रौद्योगिकी, वित्तीय और पेशेवर सेवाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
सरावगी ने जोर देकर कहा कि भारत की विशाल घरेलू मांग, बढ़ता निवेश, मजबूत विनिर्माण और डिजिटल अर्थव्यवस्था वैश्विक झटकों के खिलाफ देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में 3.6 प्रतिशत की स्थिर वृद्धि किसानों की मेहनत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विविधता ने भारत को किसी एक बाजार या क्षेत्र पर अत्यधिक निर्भर होने से बचाया है। पिछले वर्षों में किए गए संरचनात्मक सुधार, बुनियादी ढांचे का विस्तार और निवेश के अनुकूल वातावरण ने अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है।
सरावगी ने दावा करते हुए कहा कि भारत की तेज आर्थिक वृद्धि का सीधा लाभ बिहार को भी मिलेगा। मजबूत राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का अर्थ है राज्य में अधिक निवेश, नए उद्योग, बेहतर बुनियादी ढांचा और युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार में सड़क, रेल, ऊर्जा, उद्योग, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार के युवा अब रोजगार तलाशने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। स्टार्टअप, छोटे उद्योग, डिजिटल सेवाएं और कौशल आधारित रोजगार आने वाले समय में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की इस गति से तेजी से जुड़ रहा है। सड़क, रेल, ऊर्जा, उद्योग, कौशल विकास और आधारभूत संरचना के विस्तार से राज्य में रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे। मिथिलांचल समेत पूरे बिहार के युवाओं, किसानों और छोटे-बड़े उद्यमियों के लिए मजबूत होती राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। किसानों के लिए बेहतर बाजार, कृषि आधारित उद्योग और ग्रामीण बुनियादी ढांचे का विस्तार भी आय के नए अवसर पैदा कर सकता है। बिहार इस विकास यात्रा का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।
उन्होंने कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर केवल आर्थिक आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बदलते भारत के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रमाण है। पहली तिमाही की यह वृद्धि भारतीय रिजर्व बैंक के 7 प्रतिशत के अनुमान से भी बेहतर रही है। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का केवल दर्शक नहीं, बल्कि वैश्विक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला देश बन चुका है। भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमता विकसित भारत के संकल्प को गति दे रही है।
सरावगी ने कहा, “दुनिया में संकट था, भारत में विकास था। दुनिया में अनिश्चितता थी, भारत में आत्मविश्वास था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक चुनौतियों के बीच अपनी विकास गति बनाए रखी है। 7.8 प्रतिशत की विकास दर विकसित भारत के संकल्प की दिशा में मजबूत कदम है। बिहार भी इस विकास यात्रा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”



