रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र में कर्ज और भारी ब्याज की वसूली को लेकर दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कर्ज की रकम और मनमाना ब्याज नहीं चुका पाने पर दबंगों ने घर में घुसकर एक परिवार पर तेजाब फेंक दिया। हमले में महिला, उसके पति और तीन बच्चे समेत पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
उधार के पैसे को लेकर चल रहा था विवाद
अस्पताल में भर्ती पीड़िता रिंकी कुमारी ने बताया कि उन्होंने अरविंद प्रसाद नामक व्यक्ति से कुछ रुपये उधार लिए थे। उनके अनुसार, वह नियमित रूप से ब्याज की रकम चुका रही थीं। बकाया रकम चुकाने के लिए उन्होंने कुछ और समय मांगा था। इसी बात को लेकर दबंगों की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
रिंकी के मुताबिक, फोन पर उन्हें धमकी दी जाती थी कि रुपये नहीं देने पर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे और उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।
घर में घुसकर मारपीट के बाद तेजाब फेंकने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि घटना के दिन आरोपी अचानक उनके घर में घुस आए और उनके पति के साथ मारपीट करने लगे। पति को बचाने के लिए जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें धक्का दिया और तेजाब की बोतल से उन पर हमला कर दिया।
तेजाब की छींटें पास में खड़े उनके तीन बच्चों पर भी पड़ गईं। इससे वे भी झुलस गए। पीड़िता के अनुसार, बड़े बेटे के पेट और पैर पर तेजाब गिरा है, जबकि छोटे बच्चे की हालत गंभीर है। उसे आईसीयू में रखा गया है।
चेहरे और गर्दन पर गंभीर जलन
तेजाब के हमले में रिंकी कुमारी के चेहरे, गर्दन और शरीर के ऊपरी हिस्से पर गंभीर जलन हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। परिवार के अन्य सदस्यों का भी उपचार किया जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद स्थानीय स्तर पर इलाज कराया प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस कर्ज के लेन-देन, और तेजाब हमले की जांच कर रही है।




