रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर से लगनेवाली इंडो नेपाल बोर्डर पर मुस्तैद 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के डी समवाय गंगौर एवं बिहार एस टी एफ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 145 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ (पैकेजिंग सहित) बरामद किया तथा एक संलिप्त व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
ये कार्वाई दिनांक 29 अगस्त 2026 को लगभग 9. 45 बजे प्राप्त आसूचना के आधार पर बिहार एस टी एफ एवं डी समवाय गंगौर की संयुक्त टीम द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 289/22 से लगभग 1 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में गुप्त रूप से पोजीशन लेकर निगरानी प्रारंभ की गई।
दिनांक 30 अगस्त 2026 को लगभग 05. 50 बजे एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में उक्त स्थान पर पहुंचा और वहां रखे बोरे को लेकर गंगौर की ओर जाने लगा। संयुक्त टीम द्वारा उसे रोककर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा जैसा पदार्थ, कुल वजन 145 किलोग्राम (पैकेजिंग सहित) बरामद हुआ।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उमेश महतो, 40 वर्ष, पिता मदन महतो, गांव गंगौर, थाना हरलाखी, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि बरामद खेप चंदन महतो, पिता स्वर्गीय राजनंदन महतो, गांव +डाकघर गंगौर, थाना हरलाखी, जिला मधुबनी, बिहार की है। उसके अनुसार चंदन महतो के निर्देश पर वह उक्त सामान को निर्धारित स्थान से उठाकर गंगौर पहुंचाने जा रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति के अनुसार खेप नेपाल से प्राप्त हुई थी।
बरामद गांजा जैसे पदार्थ एवं गिरफ्तार व्यक्ति को विधिवत जब्ती एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई के उपरांत अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु हरलाखी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई पर 48वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने एस एस बी एवं बिहार एस टी एफ की संयुक्त टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध एस एस बी द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में तस्करी पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए आसूचना तंत्र, निगरानी एवं गश्त को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
कमांडेंट ने आगे कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी युवाओं एवं समाज के लिए गंभीर चुनौती है, इसलिए इसके विरुद्ध सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सीमा क्षेत्र के नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सुरक्षा बलों एवं संबंधित प्रशासन को देकर सीमा सुरक्षा में सहयोग करें।




